फर्रुखाबाद। माफिया अनुपम दुबे के भाई डब्बन का फर्जी शपथ पत्र प्रमाणित करने के मामले में वकील की अंतरिम जमानत एडीजे दीपेंद्र कुमार ने मंजूर कर ली गई। सुनवाई के लिए 15 अक्तूबर की तिथि नियत की गई है।
मऊदरवाजा थाने के दरोगा बलवीर सिंह ने फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया अनुपम दुबे के पचास हजार के इनामी भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन,मोहल्ला गोला कोहना निवासी वकील राजीव कुमार, मोहल्ला मछली टोला निवासी वकील बृजेंद्र मोहन् अग्निहोत्री उर्फ टिल्लू, गांव याकूतगंज निवासी स्टांप वेंडर ज्ञान प्रकाश गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया कि अनुराग दुबे के नाम से वेंडर के यहां से स्टांप खरीदा गया। अपहरण के मुकदमे में अनुराग दुबे के बिना आए उनके हस्ताक्षर को प्रमाणित कर नोटेरी की गई थी। जांच में शपथ पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर पाए गए। इस मामले में वकील बृजेंद्र मोहन् अग्निहोत्रीकी ओर से कोर्ट में अंतरिम जमानत याचिका दायर की गई। बचाव पक्ष के वकील जितेंद्र सिंह चौहान की दलील पर अंतरिम जमानत मंजूर कर ली है।