पांच दिनों से जिंदगी के लिए झूल रही मलिकपुर की लेडी डान नाम से चर्चित युवती के मामले को लेकर सियासत गरमाने लगी है। सोशल मीडिया पर उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई जा रही है। हर राजनैतिक दल का जिला स्तरीय मुखिया मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहा है। नेताओं का मानना है कि रहस्य से पर्दा उठना जरूरी है। चाहे वह नेता हो अथवा पुलिस। जो भी दोषी पाया जाए उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। फिलहाल युवती की हालत स्थिर बनी हुई है।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह का कहना है कि यह घटना एक दम निंदनीय है। इसका खुलासा होना बहुत जरूरी है। घटना के लिए जो भी दोषी पाया जाए उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। चाहे वह नेता हो या फिर पुलिस। जो भी हो उसका बेनकाब होना जरूरी है। इस गरीब की बेटी को जिन लोगों ने लेडी डान बनाया है उन्हें भी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए।
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुभाष गौतम का कहना है कि वह भी घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी को सजा दिलाने के पक्षधर हैं लेकिन बसपा नेता के पुत्र की बात कहकर कुछ लोग पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। कहा कि उस युवती के साथ जो भी हुआ वह गलत है और समाज के सजग प्रहरियों के लिए चुनौती है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा कहते हैं कि एक छात्रा से लेकर लेडी डान तक की यात्रा करने वाली युवती ने यह रास्ता क्यों अख्त्यिार किया। जिन लोगों ने इसे लेडी डान बनने के लिए मजबूर किया उनको जेल की सलाखों के पीछे होना चाहिए, चाहे वे कितनी ही ऊंची पहुंच वाले क्यों न हों। उन्हें इसकी सजा जरूर मिलनी चाहिए ताकि समाज की किसी अन्य युवती के साथ इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। नीर-क्षीर विवेचना से वे चेहरे बेनकाब हो जाएंगे जिन्होंने धन और बल के बूते एक लड़की के जीवन को मरुस्थल बना दिया है। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह चाहते हैं कि इस मामले का पूरी तरह से खुलासा हो और ऐसे चेहरों को समाज के सामने लाया जाए जो समाज के लिए कोढ़ बन गए हैं।
लेडी डान की बहन को खतरा - नेताओं और पुलिस के हाथ की कठपुतली बनी चर्चित युवती की बहन को भी जान का खतरा है। अपने घर में अकेली रह रही लेडी डॉन की छोटी बहन पूरी तरह से सहमी है। इस नन्हीं सी जान के लिए भी ऐसे माहौल में खतरे तमाम हो सकते हैं। हालांकि वह भी अपनी बहन को न्याय दिलाने की बात कह रही है।