कायमगंज। पिकअप की टक्कर से तंबाकू गोदाम की दीवार ढह गई। वहीं, दीवार के सहारे सीढ़ी पर बैठे मजदूर की हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर के मोहल्ला पटवन गली निवासी सुनील राठौर की गांव प्रेमनगर में तंबाकू गोदाम है। शनिवार रात गोदाम में तंबाकू आई। इस पर व्यापारी ने तंबाकू अनलोड करने के लिए मजदूरों को बुलाया। अन्य मजदूरों के साथ गांव के प्रेमनगर निवासी गुड्डू (50) भी वहां पहुंचा। पिअकप से तंबाकू अनलोड कर मजदूर इधर-उधर बैठ गए। वहीं, गुड्डू दीवार के सहारे टिकी सीढ़ी पर बैठ गया। इस दौरान वहां मौजूद नौसिखिया चालक ने पिअकप स्टार्ट कर आगे बढ़ाई।
इस दौरान पिकअप उसके नियंत्रण से बाहर हो गई। पिकअप की सीधी टक्कर सीढ़ी पर बैठे गुड्डू को लगी। तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से गोदाम की दीवार भी भरभराकर गिर गई। दीवार की ईंटों में गुड्डू दब गया। मजदूरों ने जल्दी से ईंटें हटाकर गुड्डू को बाहर निकाला। परिजनों के साथ गुड्डू को सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव ले जाने की बात कहकर सीएचसी से चले आए। मृतक के पुत्र ने सीएचसी पर किसी तरह की कार्रवाई न करने की बात लिखकर दी। इसके बाद परिजनों ने गुड्डू के शव को गोदाम पर लाकर रख दिया।
सुबह परिजन मुकदमा दर्ज कराने की बात पर अड़ गए। सूचना पर मंडी चौकी प्रभारी अवधेश सिंह पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के दो पुत्र जयवीर (22), राजन (18) हैं। तीन पुत्रियों में पूजा (17), प्रार्थना (12) और वैष्णो (11) हैं। प्रभारी निरीक्षक अनुराग मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।