आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वैसे तो जिले की चारों विधानसभा सीटों पर टिकट के लिए घमासान मचा है लेकिन विधानसभा क्षेत्र भोजपुर में भाजपा से टिकट पाने के लिए क्षत्रिय नेताओं में सिर-फुटौव्वल की नौबत बनी है।
इस विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक क्षत्रिय मतदाता है। दिग्गज क्षत्रिय नेता पार्टी हाईकमान से जुगत भिड़ाने में जुटे हैं।
तकरीबन तीन लाख मतदाताओं वाली भोजपुर विधानसभा में अगर जातीय आंकड़ों को लिया जाए तो यहां तकरीबन 62 हजार क्षत्रिय, 55 हजार दलित, 35 हजार लोधी, 30 हजार मुस्लिम, 20 हजार पाल, 18 हजार शाक्य, 12 हजार ब्राह्मण, 15 हजार कुर्मी, सात हजार बनिया, 11 हजार बाथम और तीन छिटका जाति के मतदाता हैं।
भाजपा के पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह उर्फ मुन्नूबाबू केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से टिकट हासिल करने के लिए संपर्क साधे हैं, जबकि उनके पारिवारिक नाती अभय सिंह जनसेवक राजनाथ सिंह के पुत्र वरिष्ठ भाजपा नेता पंकज सिंह का दामन थामे हैं। क्षत्रिय नेता ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौर सांसद प्रतापगढ़ हरवंश सिंह से जुगत भिड़ाने में लगे हैं।
हरवंश सिंह और वीरेंद्र सिंह राठौर की नजदीकियों को लेकर समझा जाता है कि अपना दल की ओर से वीरेंद्र सिंह की टिकट की मांग की जा सकती है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह पार्टी हाईकमान से टिकट हासिल करने के लिए संपर्क साधे हैं, जबकि इसी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की ओर से नागेंद्र सिंह राठौर भी टिकट की दावेदारी कर चुके हैं।
सर्वाधिक क्षत्रिय नेताओं ने भाजपा से भोजपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। टिकट किसके खाते में जाएगा, यह तो आने वाला समय बताएगा लेकिन असलियत यह है कि मौजूदा समय में इस विधानसभा क्षेत्र में कब्जा कर लेने के लिए भाजपा में टिकट को लेकर अंतर्कलह की स्थिति बनी है।
हालांकि भाजपा के जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह कहते हैं कि टिकट की दावेदारी अलग बात है लेकिन भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। हाईकमान जिसे टिकट देगी, उसके पक्ष में ही सभी मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे।
इंसेट
पिछले विस. चुनाव में भाजपा की रही थी यह स्थिति
वर्ष 2012 में भोजपुर विधानसभा में हुए चुनाव में यह सीट सपा के जमालुद्दीन सिद्दीकी के खाते में चली गई थी। इस चुनाव में सपा प्रत्याशी जमालुद्दीन को 51650, जनक्रांति पार्टी से मुकेश राजपूत को 30302, भाजपा के प्रत्याशी सौरभ राठौर को 27953, बसपा प्रत्याशी महेश सिंह को 22712, कांग्रेस प्रत्याशी रामसेवक सिंह यादव को 21202, महान दल से भवंरसिंह पाल को 5235, श्याम कुमार को 1243, उर्मिला को 1000 और अपना दल से मुन्नी देवी को 798, भाईचारा एकता से सर्वेंद्र सहिं को 757, अवनीश को 730 वोट मिले थे।