फर्रुखाबाद। कोटेदार की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगले को तोड़कर कमरे की कुंडी खोली। शव को फंदे से उतारकर परिजनों ने पूछताछ की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नुनहाई निवासी आलोक मिश्रा राशन कोटेदार हैं। उनकी पहली पत्नी की पांच वर्ष पहले आग से गंभीर रूप से झुलसने से मौत हो गई थी। एक पुत्र अमृतांश है। पहली पत्नी की मौत के कुछ माह बाद कोटेदार ने लखीमपुर खीरी जिले की निवासी पूर्णिमा (42) से दूसरी शादी कर ली थी।
पूर्णिमा के वृद्ध पिता भी बेटी की ससुराल में ही रहते हैं। आलोक का पत्नी पूर्णिमा से कई दिनों से विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर पूर्णिमा ने कमरा बंद कर छत में लगे कुंडे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लगभग पांच बजे आलोक ने दरवाजा खटखटाया। आवाज न आने पर जंगले से झांककर देखा तो पत्नी को फंदे पर लटका हुआ पाया। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली में दी।
इस पर सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह, कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजे के ऊपर लगे जंगलेेेे को बेल्चे से तोड़कर कुंडी खोली और शव को फंदे से उतारा।
पूछताछ में परिजनों ने घरेलू विवाद में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कोटेदार की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घरेलू विवाद में घटना हुई है। तहरीर मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरवाजा खोलने की कोशिश करते शहर कोतवाल। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD