फर्रुखाबाद। सूखा से तबाह किसानों को इस माह खरीफ का बीमा क्लेम मिल सकता है। कृषि विभाग ने क्राप कटिंग की रिपोर्ट शासन को भेज दी है। यहां से इसे क्लेम के लिए बीमा कंपनी एचडीएफसी अरगो को भेजा जाएगा। कृषि महकमे के मुताबिक इस माह किसानों को बीमा क्लेम मिल सकता है।
इस बार सूखा के चलते किसानों ने खरीफ का रकबा घटा दिया था। कृषि महकमे का खरीफ में बुवाई का लक्ष्य 55811 हेक्टेयर का था। इसमें से 48519 हेक्टेयर में ही किसानों ने बुवाई की। खरीफ की फसल में 17 हजार 109 किसानों ने फसल का बीमा कराया था। इन्होंने एचडीएफसी एरगो को 2 करोड़ 32 लाख 3 हजार प्रीमियम दिया है।
जून और जुलाई में कम बरसात होने से 40 फीसदी पैदावार पर असर पड़ा है। इससे मक्का और धान किसानों के अलावा बाकी फसलों की लागत भी वसूल नहीं हुई। इससे किसान परेशान हैं। सूबे की सरकार ने जिले को सूखा ग्रस्त कर दिया। इसके बाद से किसानों को बीमा क्लेम दिलाने की कार्रवाई तेज हुई। 33 फीसदी से ज्यादा नुकसान वाले किसानों को क्लेम दिया जाएगा। कृषि महकमे ने क्राप कटिंग की रिपोर्ट भेज दी है।
उप कृषि निदेशक एके सिंह ने बताया कि गांववार नुकसान की रिपोर्ट तैयार की गई है। इस माह किसानों को बीमा क्लेम मिल सकता है।