शहर के बद्री विशाल डिग्री कालेज में जनता का अभिवादन करते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, साथ मे?
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। 2017 से पहले जिस गाड़ी में सपा का झंडा लगा होता था तो लोग समझते थे कि इसमें जरूर कोई गुंडा बैठा है। पहले, दूसरे चरण के मतदान में सपा, बसपा व कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनने पर किसानों के निजी नलकूपों को बिजली मुफ्त दी जाएगी। शहर के बद्री विशाल डिग्री कॉलेज परिसर में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बातें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।
कहा कि 2017 से पहले बिजली आती नहीं थी और तारों में कपड़े सुखाए जाते थे। अब बिजली जाती नहीं है। प्रदेश के पहले चरण के मतदान में ही साइकिल पंक्चर हो गई। दूसरे चरण में सैफई पहुंच गई। हाथी का पता नहीं, कांग्रेस वाले इटली और न जाने कहां गए, उनका भी पता नहीं। उन्होंने तीनों पार्टियों को सांपनाथ, नागनाथ व नेवलानाथ बताया। कहा कि इस बार सपा हमेशा के लिए समाप्तवादी पार्टी हो जाएगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में मिलने वाली राशि 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख व सुमंगला योजना में 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार की जाएगी। इत्र डालकर लूटे गए 280 करोड़ रुपये भाजपा ने निकालकर जनता के सामने डाल दिए। कहा कि मुलायम सिंह की सरकार में रामभक्तों को गोलियों से भूना गया। भाजपा के कल्याण सिंह ने राम के चरणों में मुख्यमंत्री की कुर्सी ही चढ़ा दी। जब कल्याण सिंह की मृत्यु हुई तो अखिलेश श्रद्धांजलि देने तक नहीं गए, उन्हें पिछड़ा वर्ग कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कमल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी सदर क्षेत्र से मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर से सुशील शाक्य, भोजपुर से नागेंद्र सिंह राठौर व कायमगंज से डॉ. सुरभि को जिताने की अपील की। यहां सांसद मुकेश राजपूत, दिल्ली के पूर्व विधायक अनिल बाजपेई, कुलदीप गंगवार, विश्वास गुप्ता आदि ने भी संबोधित किया। संचालन डीएस राठौर ने किया। जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, हिमांशू गुप्ता, शिवम दुबे, रामवीर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
बाइकों से सभा में जाने वाले लोगों को पेट्रोल की पर्चियां वितरित की गईं। पर्ची वितरण के दौरान जमकर छीनाझपटी भी हुई।