फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिहार में प्रधान ने अपने करीबियों के जॉब कार्ड बनवाकर मनरेगा से भुगतान करा लिया। शिकायत पर हुई जांच में नियम विरुद्ध जॉब कार्ड बनवाने और उन्हें एक लाख 73 हजार 200 रुपये का भुगतान करने की पुष्टि हुई।
फतेहगढ़ न्यायालय के अधिवक्ता आदित्य यादव ने जिलाधिकारी से शपथपत्र के साथ मोहम्मदाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत बिहार में मनरेगा व अन्य मदों में 50 लाख रुपये गबन की शिकायत की थी। इसमें कहा कि ग्राम प्रधान व सचिव चहेतों के करीब 200 जॉब कार्ड बनवाकर पिछले दो वर्ष से मनरेगा से भुगतान ले रहे हैं। इससे पात्र गरीबों को उनका हक नहीं मिल रहा। इस मामले में बीडीओ मोहम्मदाबाद राजबहादुर सिंह व अपर सांख्यिकी अधिकारी विक्रांत अवस्थी ने जांच की। उन्होंने जांच रिपोर्ट में प्रदीप कुमार, उनके पुत्र अमित परिहार, सुमित परिहार, पत्नी बीना, उमेश कुमार, उनके पुत्र सत्यम परिहार, चंद्रप्रकाश, उनकी पत्नी प्रीती व पुत्री सुप्रिया चौहान के नाम से जॉब कार्ड बनाकर 936 कार्यदिवस के एक लाख 73 हजार 200 रुपये भुगतान निकालने की पुष्टि की। जांच रिपोर्ट में संबंधित व्यक्तियों द्वारा भुगतान प्राप्त करने के अलावा एक ही परिवार के कई जॉब कार्ड बनाना नियम विरुद्ध होने बात कही है। जांच अधिकारी विक्रांत अवस्थी ने बताया कि उन्होंने जांच रिपोर्ट परियोजना निदेशक को सौंप दी है।