फर्रुखाबाद। बिजली सामान विक्रेता भाजपा बूथ अध्यक्ष के घर में पिछवाड़े से घुसे चोरों ने जेवरात अन्य कीमती सामान समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने जांच की, मगर समझा बुझाकर फिलहाल तहरीर न देने की बात कही। चार दिन तक पता न चलने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
कादरीगेट थाने के मोहल्ला श्यामनगर घारमपुर रोड निवासी नानकराम दुबे भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। मकान में ही बिजली के सामान बेचने की दुकान चलाते हैं। उनके दो मंजिला मकान में 20 अप्रैल की रात किसी वक्त चोर पिछवाड़े के रास्ते छत पर पहुंच गए। ऊपर बने कमरे व बक्से के ताले तोड़कर उसमें रखी सोने की जंजीर, झुमकी, दो अंगूठी, चार चूड़ी, टॉप्स, चांदी के 20 सिक्के, पायल, पांच जोड़ी बिछुआ, मकान में रखा अन्य 10 लाख रुपये का कीमती सामान चोरी कर ले गए। 21 अप्रैल की सुबह ऊपर जाने पर चोरी की जानकारी हुई।
नानकराम दुबे ने बताया कि उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी, तो आईटीआई चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह ने जांच की। पीड़ित ने बताया कि दरोगा ने कह दिया फिलहाल तहरीर न दें। किसी को बताने की जरूरत भी नहीं है। वह चोर का पता लगाएंगे। चार दिन बाद भी पता न चलने पर नानकराम दुबे ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।