गांव बिरायिमपुर में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
संकिसा। कोटेदार के घर में घुसे चोर साढ़े चार लाख के जेवर व नगदी ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर परिजनों से ही कई सवाल कर दिए। तहरीर देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया।
मेरापुर थानाक्षेत्र के गांव बिरायमपुर निवासी सत्यपाल सिंह कोटेदार हैं। सोमवार देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए। नीचे के कमरे में रखी अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर 1.90 लाख रुपये, एक सोने की चेन, सात अंगूठी, एक सोने का हार, चार सोने की चूड़ियां, एक सोने का बेंदा व पैंडल, पांच जोड़ी पायलें, करधनी सहित 30 हजार कीमती की साड़ियां चोरी कर ले गए।
मंगलवार सुबह मां रामदेवी जागीं और कमरे का सामान बिखरा देखा तो शोर मचाया। रामदेवी की आवाज सुनकर कोटेदार व उनके पुत्र नीचे आए। कोटेदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कर परिजनों से चोरी गए सामान को लेकर गई सवाल किए। कोटेदार सत्यपाल ने साढ़े चार लाख के जेवर व नकदी चोरी होने की तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया है।