फर्रुखाबाद। विशेष अभियान के तहत जिले के अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर सोमवार को डॉक्टरों ने छापा मारा। कहीं भी मानक पूरे न होने के बाद भी जांच में सब ठीक बताया गया। किसी पर कोई कार्रवाई भी नहीं की गई।
जनपद में दो-चार अल्ट्रासाउंड सेंटरों को छोड़कर कहीं भी रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। जिम्मेदारों के रहमोकरम पर अधूरे मानकों पर अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाए जा रहे हैं। सोमवार को अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया ने बताया कि उन्होंने जिला जेल चौराहा स्थित एसएम हॉस्पिटल व बाबूसिंह जय सिंह मेडिकल कॉलेज के अल्ट्रासाउंड सेंटर देखे। फिलहाल सभी व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। अस्पताल का पंजीकरण होने से उन्होंने इसके लाइसेंस से डॉक्टर का मिलान नहीं किया।
वहीं, कायमगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिवप्रकाश ने छह अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की। उन्होंने बताया कि कायमगंज में शरद, एसएसजी, संजीवनी, सूर्या, फरीदी अल्ट्रासाउंड सेंटर देखे। शमसाबाद में फरहत अल्ट्रासाउंड सेंटर चेक किया गया। उन्हें मौके पर व्यवस्थाएं ठीक मिलीं।
प्रशिक्षण ले चुके डॉक्टर अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। किस डॉक्टर के नाम से अल्ट्रासाउंड सेंटर का लाइसेंस लिया गया है, इसकी उन्होंने जांच नहीं की। व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए थे।