फर्रुखाबाद। शहर से सटे गांव अर्रा पहाड़पुर के घने बागों में डग्गामार बस खड़ी करके सवारियां भरते वक्त पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बस पकड़ ली। एक यात्री से किराया वसूल कर वापस न करने पर बस मालिक, चालक और परिचालक पर मुकदमा दर्ज कराया है। बस बीबीगंज चौकी के पास खड़ी कराई गई है।
प्रदेश सरकार के निर्देश के बावजूद डग्गामार बस माफिया चोरी छिपे दिल्ली और जयपुर के लिए बसों का संचालन कर रहे हैं। शाहजहांपुर जिले के कस्बा मिर्जापुर निवासी शरीफ तीन अन्य लोगों के साथ दोेपहर बाद कादरीगेट पहुंचे। वहां जयपुर के लिए यात्रियों से 500 रुपये लिए जा रहे थे। बस मालिक ने एक ई-रिक्शा से चारों को अर्रापहाड़पुर गांव के एक घने बाग में खड़ी बस में बैठा दिया।
कुछ ही देर में सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। पुलिस को देखते ही बस के चालक और परिचालक मौके से भाग गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर बीबीगंज चौकी में खड़ी करवा दी। सभी यात्रियों को उतार दिया। शरीफ ने बताया कि उसे और साथियों से लिया गया किराया भी वापस नहीं दिया गया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने बस मालिक, चालक और परिचालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।