फर्रुखाबाद। स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा के तहत खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. बीके गंगवार राजेपुर ब्लॉक प्रमुख डॉ. पल्लव सोमवंशी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व टॉस कराकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
सब जूनियर बालिका वर्ग में राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की टीम ने वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर की टीम को पराजित किया। जूनियर बालिका वर्ग में फ्रेंड्स खो-खो क्लब मुजफ्फरपुर पट्टी ने जेएसएम पब्लिक स्कूल को हराया। सीनियर बालिका वर्ग में स्टेडियम की टीम ने सीपी इंटरनेशनल को शिकस्त दी। सीनियर बालक वर्ग में जेएसएम फतेहगढ़ की टीम एवी इंटर कॉलेज शमसाबाद पर भारी पड़ी। जूनियर बालक वर्ग में खो-खो क्लब दलेलगंज शमसाबाद ने स्टेडियम की टीम को मात दी। वहीं सब जूनियर बालक वर्ग में राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की टीम ने संविलियन विद्यालय प्रहलादपुर संतोष शमसाबाद को हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका व्यायाम शिक्षक अतुल कटियार, अरुण यादव, आलोक यादव, अभिषेक कुमार, अभिषेक शाक्य, संजीव द्विवेदी, कुलदीप यादव एवं सुभाष यादव ने निभाई। प्रतियोगिता का संचालन वैभव सोमवंशी ने किया। नोडल प्रभारी संजीव कटियार ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 18 एवं महिला वर्ग की 14 टीमों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान धर्मेंद्र राजपूत, राजकुमार वर्मा, अभिषेक बाजपेयी, संजीव यादव, वीना गौतम, जगदीश बघेल, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।