फर्रुखाबाद। शहर में वक्फ की जमीनों के फर्जी तरीके से बैनामे कराने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज दिया गया है। ये संपत्तियां रोडवेज के सामने और ठंडी सड़क पर हैं।
शमसाबाद कस्बे के मोहल्ला गोदाम निवासी मुतबल्ली मोहम्मद रिजवान ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा कि सेठगली निवासी गौरहरि अग्रवाल, नानक चंद्र, विनोद चंद्र, विनय कुमार पुत्रगण हरिश्चंद्र ने फर्जी अभिलेखों के आधार पर वक्फ की भूमि की खरीद-फरोख्त की है। यह जमीन दो एकड़ से अधिक है।
यहां बता दें कि इससे पहले पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत को भी भूमाफिया घोषित करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। उधर, मुतबल्ली रिजवान ने वक्फ की जमीन पर बनी इमारतों को तोड़ने की मांग जिलाधिकारी से की है। डीएम को दिए पत्र में कहा कि इन जमीनों पर उन्हें कब्जा दिलाया जाए।
वक्फ बोर्ड ने डीएम को भवन ध्वस्त कराने को लिखा
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा. मोहम्मद नसीर हसन ने डीएम को प्रशासनिक पत्र भेजा है। कहा कि वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे करके जो भी इमारतें बनवाई गई हैं, उन्हें तुरंत ध्वस्त कराया जाए। इसके बाद वक्फ संपत्ति पर मुतबल्ली मोहम्मद रिजवान को कब्जा दिलाने की कार्रवाई करें। यही नहीं अभिलेखों से गलत नामों को भी हटाया जाए।