फर्रुखाबाद। सेंट्रल जेल के कनिष्ठ सहायक के घर से लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर लिया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी व जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी लूट व चोरी में कई बार जेल जा चुका है। एसपी ने बताया कि वह शातिर अपराधी है। लोहे की सरिया से ताले व कुंडे तोड़ने का काम करता है।
सेंट्रल जेल के कनिष्ठ सहायक शिवम अग्निहोत्री के कादरीगेट थाने के धर्मनगरिया स्थित घर 21 मई की रात में ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपये की नकदी व जेवरात चोरी हुए थे। सीसीटीवी फुटेज से लोगों ने चोर की पहचान कर ली थी। थाना पुलिस ने सोमवार को मसेनी निवासी रवि उर्फ रॉकी उर्फ रामू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त सरिया के अलावा एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी टॉप्स, पांच जोड़ी पायल, तीन अंगूठी, एक मोबाइल, एक लैपटॉप, 50 हजार रुपये, शिवम का आधार कार्ड, नीरज अग्निहोत्री का पेनकार्ड व आधार कार्ड आदि सामान बरामद कर लिया।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि रवि शातिर चोर व लुटेरा है। उस पर 12 मुकदमे दर्ज हैं। वह कई बार लूट व चोरी में जेल भी जा चुका है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि दिन में ताले लगे मकानों को देख लेता है। उसके बाद रात में घटना को अंजाम देता है। गिरफ्तार करने वाली टीम में दरोगा अमित शर्मा, सर्विलांस प्रभारी विशेष कुमार, एसओजी प्रभारी जितेंद्र पटेल आदि शामिल रहे।
-