98.8 % अंक लेकर जय कार्तिक जिले में अव्वल
फर्रुखाबाद। सीबीएसई ने 10वीं का परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया। बिना परीक्षा के ही अंकों की बारिश होने से छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। पूर्व सैनिक के पुत्र जय कार्तिक ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है। छात्रा आस्था गौर ने जिले में दूसरा और अपर जिला जज के पुत्र शिवांश राय ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
इस बार तो छात्र-छात्राओं की खुशी कुछ हटकर ही थी क्योंकि परीक्षा दिए बिना ही खूब अंक मिले। फतेहगढ़ के न्यू सैनिक कालोनी निवासी पूर्व सैनिक जय किशोरी सिंह भदौरिया के पुत्र और आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र जय कार्तिक ने 98.8 अंक पाकर जिला टॉप किया।
फतेहगढ़ सिविल लाइन निवासी केंद्रीय विद्यालय की छात्रा आस्था गौर ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा और सिविल लाइन आफीसर्स कॉलोनी निवासी अपर जिला जज राजेश कुमार के पुत्र शिवांश राय ने 98.4 प्रतिशत अंक पाकर जिले में तीसरा स्थान पाया। वह सेंट एंथोनी में पढ़ते हैं। रोजी पब्लिक स्कूल के छात्र वैष्णव गुप्ता ने 97.6 प्रतिशत अंक पाकर चौथा स्थान पाया।
डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजूकेशन सेंटर के अथर्व प्रताप सिंह और आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र मान्यव वत्सल 97.4-97.4 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे। सीपी इंटर नेशनल स्कूल की छात्रा सृष्टि श्रीवास्तव ने 97.2 प्रतिशत, सेंट एंथोनी की हरिप्रिया दुबे ने 97.2 प्रतिशत, केंद्रीय विद्यालय की छात्रा कोमल पाल ने 97.2 और ब्लूवेल स्कूल की छात्रा तान्या पाल ने 97.2 प्रतिशत और आरआरपी पब्लिक स्कूल की छात्रा आशिया मंसूरी ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
केंद्रीय विद्यालय की छात्रा शिवांशी, आर्मी पब्लिक स्कूल के बिंदल पाठक, सीपी इंटरनेशनल स्कूल की श्रेया गुप्ता ने 97-97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर बधाई और आशीर्वाद दिया। माता-पिता भी बच्चों के अंक देखकर खुश हुए और आशीर्वाद दिया।