फोटो-28 बहोरिकपुर में सड़क पर हुए गड्ढों में भरा बारिश का पानी। संवाद
फर्रुखाबाद। जहानगंज-फतेहगढ़ मार्ग पर गहरे गड्ढों की वजह से इन दिनों सफर करना राहगीरों के लिए मुश्किल भरा हो गया है। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा और भी बढ़ गया है। चार पहिया वाहन भी गड्ढों से बचने के लिए अचानक दिशा बदलते हैं तो दूसरे वाहन से टक्कर की स्थिति बनती है। सड़क बनने में अभी और समय लगने के चलते लोगों को गड्ढों में हिचकोले खाने को मजबूर होना पड़ेगा।
छिबरामऊ को फतेहगढ़ से जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। बदहाल सड़क पर वाहन चलाने में चालकों को झटकों के साथ धीमी गति से निकलना पड़ता है। स्कूली वाहन, बाइक सवार और मरीजों को लेकर जाने वाले वाहनों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। रात के समय गड्ढों में भरा पानी और कम रोशनी स्थिति को और जोखिम भरा बना देती है। बहोरिकपुर से छिबरामऊ के बीच करीब पांच किलोमीटर मार्ग की हालत सबसे ज्यादा खराब है। जगह-जगह सड़क उखड़ने के साथ गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर यह हिस्सा तालाब जैसा नजर आता है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी ने भी सड़क की बदहाली की तस्वीरें फेसबुक पर साझा कर समस्या की ओर ध्यान खींचा है।
2014 में मिली थी चौड़ीकरण की मंजूरी
इस मार्ग को छिबरामऊ से जोड़ने के लिए 20 मार्च 2014 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चौड़ीकरण की स्वीकृति दी थी। वन विभाग की एनओसी समेत अन्य अड़चनों के कारण प्रस्तावित चौड़ाई में बदलाव करना पड़ा। इसके बाद सड़क का निर्माण कराया गया। समय-समय पर पैचवर्क होता रहा। अब फिर सड़क की हालत खराब हो गई है।
मार्च में हो गया था टेंडर, बिटुमिन न मिलने से काम रुका
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने बताया कि बघार से बहोरिकपुर तक 14 किलोमीटर सड़क मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) के तहत आती है। इसके लिए मार्च में बॉन्ड भरवाया गया था। करीब नौ करोड़ रुपये से सड़क पर दो लेयर बिछाई जानी हैं। कुछ काम कराया गया है। बिटुमिन न मिलने और बाद में बारिश के कारण काम में देरी हुई है। उन्होंने बताया कि बहोरिकपुर से छिबरामऊ की ओर पांच किलोमीटर मार्ग राजमार्ग के तहत आता है। इसके निर्माण के लिए पिछले वर्ष प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन स्वीकृति नहीं मिल सकी। इस बार दोबारा प्रस्ताव भेजा गया है। बारिश से पहले गड्ढों में पत्थर डलवाए गए थे लेकिन लगातार बारिश में सड़क दोबारा खराब हो गई। बारिश थमने के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से में पैचवर्क कराया जाएगा।
फोटो-28 बहोरिकपुर में सड़क पर हुए गड्ढों में भरा बारिश का पानी। संवाद