फर्रुखाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रशिक्षण ले रहे छात्र-छात्राओं को अब अप्रेंटिसशिप स्टाइपेंड बढ़कर मिलेगा।
राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) के तहत प्रशिक्षण महानिदेशालय ने स्टाइपेंड की धनराशि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से युवाओं को काफी लाभ मिलेगा।
अभी तक आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप के दौरान 7000 रुपये स्टाइपेंड मिलता था। स्टाइपेंड कम होने से युवाओं के सामने कई तरह की दिक्कतें आती थीं। उद्योग संस्थान दूर होने पर अप्रेंटिसशिप करने वाले युवाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। नए नियम लागू होने से अब अप्रेंटिसशिप करने वाले युवाओं को 9600 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा।
आईटीआई फर्रुखाबाद में टर्नर का प्रशिक्षण ले रहे छात्र मुकेश कुमार ने बताया कि स्टाइपेंड बढ़ने से लाभ मिलेगा। मशीनिस्ट के छात्र राहुल कुमार कहते हैं कि सरकार का यह फैसला छात्र हित में है।
प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने बताया कि सरकार ने अप्रेंटिसशिप बढ़ाने का निर्णय लिया है। अप्रेंटिसशिप बढ़ने से छात्र-छात्राओं को काफी लाभ होगा। जनपद में तीन राजकीय आईटीआई संचालित हैं।