फर्रुखाबाद। बंदी शिवम की मौत के संबंध में मुख्यमंत्री के हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत की गई थी। इसकी जांच शुरू हो गई है। भाई ने रविवार रात शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें जेलर पर बंदी शिवम की गोली मारने और पुलिस पर रात में पोस्टमार्टम का दबाव बनाने का आरोप लगाया था।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जैनापुर निवासी मुन्नालाल का पुत्र शिवम राठौर चोरी व गैंगस्टर के मुकदमे में जिला जेल में बंद था। रविवार को जिला जेल में बंदियों ने उपद्रव किया था। इसी दौरान शिवम पेट में गोली लगने से घायल हो गया था। लोहिया अस्पताल उसे सैफई रेफर किया गया था। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। पुलिस ने रविवार देर रात शव का पोस्टमार्टम कराया था, जबकि परिजन सुबह पोस्टमार्टम कराने के लिए कह रहे थे।
रात 12 बजे के बाद शिवम के चचेरे भाई रंजीत ने मुख्यमंत्री के हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। इसमें आरोप लगाया कि जिला जेल के जेलर ने बंदी भाई शिवम की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस रात में पोस्टमार्टम कराकर शव ले जाने का दबाव बना रही है। हेल्पलाइन पर की शिकायत की जांच जनपद के अधिकारियों के पास आ गई है। एक क्षेत्राधिकारी ने इसकी जांच शुरू कर दी है। इस शिकायत के बारें में पुलिस का कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।