मोहम्मदाबाद। कान में लीड लगाकर पटरी पर टहल रहा इंटर का छात्र मालगाड़ी की चपेट में आ गया। वह घर से खेत पर मूंगफली खोदने गया था। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर पहुंची मैनपुरी जीआरपी ने शव कब्जे में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर निवासी संजेश कुमार का पुत्र शिवम (18) नीम करोरी स्टेशन के पास अपने खेतों में मूंगफली खोदने गया था। इसी बीच वह कान में लीड लगाकर रेलवे पटरी पर गाना सुनते हुए टहलने लगा। शाम साढ़े पांच बजे फर्रुखाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ जाने से उसकी मौत हो गई। स्टेशन अधीक्षक चंद्रशेखर शुक्ला ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में नीम करोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। मैनपुरी जीआरपी थानाध्यक्ष एसपी सिंह ने पंचनामा भरकर शव कब्जे में लिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था, छोटा भाई अंशुल, मां संतोषी देवी, बाबा मेहताब सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता दिल्ली में नौकरी करते हैं।