उद्यमी को आयुष्मान कार्ड देते डीएम।
- फोटो : उद्यमी को आयुष्मान कार्ड देते डीएम।
फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी ने जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक की। उन्होंने ई-रिक्शा का रूट निर्धारण करने के साथ शहर में अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने शहर में ई-रिक्शा से जाम की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने ई-रिक्शों की कलर कोडिंग कर रूट निर्धारण करने और गाइड लाइन पता कर कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा व शराब पीकर ई-रिक्शा चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की की जाए।
डीएम ने कहा कि शहर में व्यापार मंडल का सहयोग लेकर पुलिस, मजिस्ट्रेट व ईओ के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाया जाए। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाए। ईओ को बंदर पकड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं अन्ना पशुओं का मुद्दा उठने पर डीएम ने कहा कि एडीएम के नेतृत्व में अभियान चलाया जाए।
व्यापारियों ने लिंजीगंज, लाल दरवाजे पर बिजली पोल लगवाने की मांग की। नगर पालिका से जलकर व सीवर टैक्स लगाने का आधार पूछा। इस पर ईओ ने बताया कि सीवर टैक्स वहीं लगेगा जहां सीवर लाइन है। डीएम ने सीओ सिटी के नेतृत्व में अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने उद्यमी चंद्रपाल वर्मा व सदानंद शुक्ला का आयुष्मान कार्ड तत्काल बनवाकर उपलब्ध कराया। सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार, एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति आदि रहे।