फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में सट्टे के वायरल वीडियो की गाज दरोगा पर गिर गई है। पुलिस अधीक्षक ने दरोगा अच्छेलाल पाल को लाइन हाजिर कर दिया।
तीन दिन पहले मोहम्मदाबाद क्षेत्र में सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में हल्का इंचार्ज अच्छेलाल पाल पर सटोरिया 15 हजार रुपये लेने की बात कह रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। 26 सितंबर के अंक में अमर उजाला ने पेज संख्या छह पर ‘थाने से चौकी तक सबसे डील, 15 हजार में सट्टे की खुली छूट’ शीर्षक से फोटो समेत प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।
खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में तैनात उप निरीक्षक अच्छेलाल पाल को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने अगर कहीं भी सट्टा व जुआ होते पाया गया या इसकी शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के मामले की जांच भी गहनता से करवाई जा रही है।