अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक अधेड़ की मौत हो गई जबकि दो
बूढ़ी महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
गया है। थाना मेरापुर के गांव गुठना निवासी अहिवरन सिंह बाथम (50) बुधवार
को मोपेट से मोहम्मदाबाद बाजार करने के लिए आए थे। वहां से वह दोपहर को
वापस लौट रहे थे। पखना तिराहे के पास से गुजर
रहे थे, उसी समय सामने से आ
रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वह घायल हो गए। घटना के बाद चालक
वाहन लेकर भाग गया। मामले की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे लोहिया
अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की
खबर पर पत्नी कलावती का रो रोकर बुरा हाल हो गया। मामले की सूचना पर
कोतवाली पुलिस को दी गई।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार गांव नगला समई
पिपरगांव निवासी मुन्नी देवी पत्नी ब्रजराज यादव नातिन दीपकांती को दवा
दिलवाने पैदल मोहम्मदाबाद बाजार जा रही थी। बाजार के पास ही बाइक की टक्कर
से दीपकांती का पैर टूट गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे नर्सिंग होम
में भर्ती कराया। कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार कंपिल थानाक्षेत्र के
गांव
कमलाईपुर निवासी पुत्तूलाल की पत्नी रामपोथी सड़क किनारे खड़ी थी। तभी
अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गई। उसे सीएचसी में
भर्ती कराया गया है। शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव
रोशनाबाद निवासी तस्लीम पुत्र रशीद बाइक से शमसाबाद जा रहे थे। चिंतामणि
गांव के पास नीलगाय बचाने के प्रयास में बाइक फिसल गई, जिससे वह घायल हो
गए। उधर, मोहल्ला गढ़ी कोहना निवासी मंसूर हुसैन अपने दोस्त जितेंद्र कुमार
पुत्र
रामनरेश निवासी राज्यनगर थाना कबीरनगर जिला गाजियाबाद कार से
गाजियाबाद जा रहे थे। रजलामई स्थित डीएवी इंटर कालेज के सामने नीलगाय से
कार टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में
जितेंद्र कुमार घायल हो गए, जबकि मंसूर हुसैन बाल-बाल बच गए। सूचना पर
पुलिस और मंसूर के परिजन मौके पर पहुंच गए। दूसरे वाहन से घायल जितेंद्र को
कायमगंज के प्राइवेट अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया।