फर्रुखाबाद। करवा चौथ का व्रत इस वर्ष 10 अक्तूबर (शुक्रवार) को रखा जाएगा। इसके लिए पार्लरों और बाजार में खासी रौनक है।
महिलाएं जहां टीवी सीरियल की सज-धज के चलते मेहंदी पर अबकी अपने पति का नाम लिखा रही हैं, वहीं लाइट और ग्लो मेकअप की बुकिंग भी खूब हो रही है। इसके अलावा फेशियल और सज-धज के पैकेज भी लिए जा रहे।
फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद के बाजारों में मेहंदी कोन, चूड़ियां, सिंदूर, चुनरी और शृंगार के सामान की दुकानों पर रौनक लौट आई है। महिलाएं करवा चौथ की खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रही हैं। इस बार चांद देर रात करीब 8 बजकर 42 मिनट पर दिखाई देने की संभावना है।
ब्यूटी पार्लर संचालिका नेहा दीक्षित बताती हैं कि करवा चौथ से पहले ही बुकिंग शुरू हो जाती है। मेकअप, हेयर स्टाइल और मेहंदी पैकेज सबसे ज्यादा मांग में हैं। इस बार पारंपरिक लुक के साथ ग्लो मेकअप का ट्रेंड चल रहा है।
मेहंदी आर्टिस्टों की एडवांस बुकिंग आठ और नौ अक्तूबर तक के लिए लगभग फुल हो चुकी है। मेहंदी की डिजाइन के अनुसार 100 से 500 रुपये में हाथों में मेहंदी लगाई जा रही है। वहीं, चूड़ी बाजार में चूड़ियों की चमक बढ़ गई है। ड्रेस के साथ मैचिंग की चूड़ियां और डिजाइनर कड़े की काफी मांग है। मेरा सुहाग अमर, दुल्हन मैं तेरी, तेरा-मेरा साथ अमर... लिखी डिजाइनर चुनरी और करवा सेट की बिक्री भी जोरों पर है।
गीतापुरम निवासी अर्चना सिंह कहती हैं कि सालभर इस दिन का इंतजार रहता है। पति की लंबी उम्र की कामना के साथ सजने-संवरने का अपना ही आनंद है।
फोटो-01,माया ज्वेलर्स पर गहने दिखाते शालीन अग्रवाल।स्रोत:स्वय
फोटो-01,माया ज्वेलर्स पर गहने दिखाते शालीन अग्रवाल।स्रोत:स्वय
फोटो-01,माया ज्वेलर्स पर गहने दिखाते शालीन अग्रवाल।स्रोत:स्वय