प्रत्येक पंचायत में 70 श्रमिकों को काम न मिला तो कटेगा वेतन
नवाबगंज। जिला विकास अधिकारी ने रोजगार सेवकों व तकनीकी सहायकों को 20 जून तक सभी ग्राम पंचायतों में 70-70 श्रमिकों को काम देने के निर्देश दिए। अगर 70 से कम मजदूरों को काम मिला तो जिम्मेदारों के वेतन में कटौती की चेतावनी भी दी।
ब्लाक सभागार में बुधवार को डीडीओ दुर्गादत्त शुक्ला ने मनरेगा के तहत जॉब कार्ड धारकों को मजदूरी दिए जाने को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थी के दो मस्टररोल निकालने जाएं और 30 जून तक सभी चयनित आवासों पर लिंटर डलवाए जाएं। अधूरे पड़े सामुदायिक शौचालयों व पंचायत भवनों के काम जल्द पूरे किए जाएं।
गांव साहबगंज व रुखैया खालिकदादपुर स्थित गोशालाओं में गोवंशों के लिए भोजन की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। गांवों में घूम रहे आवारा पशुओं को शीघ्र पकड़कर गोशाला में पहुंचाने की सचिवों को जिम्मेदारी दी। इस दौरान बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता, एडीओ पंचायत मयंक गौड़, एडीओ प्रवेश राजपूत, दशरथ सिंह, शैलेंद्र त्रिपाठी, हृदेश पांडेय, प्रदीप यादव, मानेंद्र सिंह, देवेंद्र यादव, प्रभात सक्सेना मौजूद रहे।
मास्क लगाना भूले
नवाबगज। बैठक के दौरान डीडीओ ने मास्क नहीं लगाया। वहीं मौजूद रोजगार सेवक, तकनीकी सहायकों में कुछ लगाए तो कुछ नहीं लगाए थे। जो मास्क लगाए थे, वह गलत तरीके से लगाए रहे।