पत्नी के मायके से न आने पर पति ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे जीजा से बात करने से मना करने पर उसके रूठने का मामला सामने आया।
पुलिस को मृतक के कपड़ों से बरामद सुसाइड नोट में भी कुछ इसी तरह की बात का जिक्र किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा। थाना इंचार्ज ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
मोहल्ला आजाद नगर के निवासी प्रमोद शर्मा (35) की शादी आठ साल पहले राधा देवी के साथ हुई थी। राधा देवी होली पर अपने मायके चली गई। जब प्रमोद उसे बुलाने गया तो वह नहीं आई तो उससे क्षुब्ध होकर प्रमोद ने गुरुवार की रात अपने घर के कमरे में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह उसके न उठने पर मां अनीता जगाने पहुंची तो शव लटका देख चीख पड़ी। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को उतरवाकर उसके कपड़ों की तलाशी ली तो एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने लिखा था कि गांव नसरतपुर का रहने वाला नन्हे उसकी पत्नी का जीजा है।
वह उससे रोज मोबाइल पर बात करती थी। बार-बार मना करने के बाद भी बात करना नहीं छोड़ रही थी। मायके जाने के बाद वह लेने गया। फिर भी आने से इनकार कर दिया। इस वजह से वह फांसी लगाकर जान दे रहा है। पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा।