कमालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ को यहां हर तरफ अव्यवस्थाएं ही नजर आईं। ड्रेसिंग रूम में पट्टी और बैंडेज तक नहीं मिला।
नर्स बिना यूनिफार्म में मिलीं। दवा वितरण से जुुड़े अभिलेख दुरुस्त नहीं थे, इससे इंजेक्शन और टेबलेट्स का मिलान नहीं हो सका। यह नजारा देख सीएमओ भड़क गए और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद्रा ने गुरुवार दोपहर एसीएमओ डॉ. दलवीर सिंह के साथ सीएचसी का निरीक्षण किया। दवाओं के वितरण कक्ष में उन्होंने स्टोर से प्राप्त व वितरित की गईं दवाइयों का मिलान करना चाहा तो अभिलेख दुरुस्त नहीं मिले। इस पर दवा बांटने वाले कर्मचारियों पर वह नाराज हुए।
प्रसव कक्ष के बाहर कमरे में मौजूद स्टाफ नर्स अंजू यूनिफार्म नहीं पहने थीं। सीएमओ ने कहा कि ड्रेस न पहनने वाली नर्स पर कार्रवाई होगी। यूनिफार्म न पहनने से बाहर की महिलाएं भी आ सकती हैं। प्राइवेट अस्पताल ले जाने के लिए दलाल भी घुसपैठ कर सकते हैं।
एक प्राइवेट अस्पताल का छज्जा सीएचसी परिसर की ओर निकला देख छज्जा गिरवाने की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ जब दंत कक्ष में पहुंचे तो बिजली चली गई। अंधेरे में ही दंत कक्ष का निरीक्षण हुआ। ड्रेसिंग रूम में भी अंधेरा था। ड्रेसिंग रूम में पट्टी व बैंडेज न होने की जानकारी पर सीएमओ दंग रह गए।
कस्बे की नईबस्ती निवासी प्रसूता शिवानी से सीएमओ ने बात की। शिवानी की सास शकुंतला ने बताया कि बहू ने सुबह पांच बजे बेटी को जन्म दिया है। वह नर्स से कह रही हैं कि कुछ खाने के लिए दे दो, लेकिन कोई सुन नहीं रहा। कर्मचारियों ने कहा कि जो व्यक्ति खाना व नाश्ता देता था, उसने एक तारीख से सेवा देना बंद कर दिया है।
कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण ले रहे युवक, युवतियों की क्लास लगाई। सीएमओ व एसीएमओ ने कहा कि प्रशिक्षुओं के काम न सीखने व अनुशासन में न रहने की शिकायत मिली है।
रवैया न सुधरा तो एनजीओ पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षुओं को रोस्टर बनाकर ग्रामीण पीएचसी पर भेजने के निर्देश डॉ. मानसिंह वर्मा व डॉ. विकास पटेल को दिए।
निरीक्षण के दौरान एमओआईसी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री नहीं मिले। बताया गया कि वह सरकारी काम से गए हैं। उपस्थिति रजिस्टर पर सीएमओ ने नम्रता आर्य, सुखवीर सिंह व मनोज कुमार की अनुपस्थिति दर्ज की। परिसर में गंदगी फैली होने, घास व झाड़ियां खड़े होने पर नाराजगी जताई।