पुरानी रंजिश में मंगलवार की सुबह होमगार्ड के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पिता ने चाचा समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अमृतपुर कसबा निवासी राजीव उर्फ सर्वेश अवस्थी अमृतपुर थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उसका अपने पारिवारिक चाचा राधाकृष्ण उर्फ गुल्ली से खेत की मेड़ काटने और एक पेड़ के स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर मुकदमेबाजी भी चल रही है। मंगलवार की सुबह राजीव अपने पिता मुन्नूलाल और बेटे सूर्यांश उर्फ तनू (15) के साथ खेत पर चारा काट रहे थे।
राजीव का चाचा राधाकृष्ण उर्फ गुल्ली अपने बेटों के साथ आया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने फायरिंग कर दी। दो गोलियां सूर्यांश के जा लगीं। वह जमीन पर गिर पड़ा। सूर्यांश के गिरते ही हमलावर भाग गए। घायल को आनन फानन लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां डा. योगेंद्र सिंह ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने राधाकृष्ण, उनके बेटे शिवम उर्फ कल्लू, गौरव, राघव उर्फ कोमल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। राजीव ने बताया कि बेटा इस साल इंटर की पढ़ाई कर रहा था। सूचना पर सीओ सुरेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे। सीओ ने मृतक के पिता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की लापरवाही से हुई घटना
अमृतपुर। होमगार्ड राजीव ने सीओ सुरेंद्र तिवारी को बताया कि सोमवार को परिवार के लोगों ने घर में घुस कर मारपीट की थी। शिकायत दरोगा पंकज कुमार से की थी। इसके साथ ही शाम को भी आरोपियों ने धमकी दी। इसकी सूचना भी दी गई। दरोगा ने फोर्स न होने की बात कह कर मामले को चलता कर दिया। पुलिस सोमवार को ही जाकर मामले की जांच करती तो शायद यह घटना नहीं होती। पीड़ित ने बताया कि छह महीने पहले भी चकरोड पर मिट्टी डालने को लेकर झगड़ा हो गया। उसमें उसके पिता मुन्नूलाल घायल हो गए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। सीओ ने दरोगा को बुला कर फटकार लगाई। सीओ ने बताया कि इस मामले की जानकारी एसपी अतुल शर्मा को दी जाएगी।
राधाकृष्ण पर हैं 18 मुकदमे
अमृतपुर। कसबा निवासी राधाकृष्ण अवस्थी के ऊपर 18 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, हत्या, जानलेवा हमले के मामले भी शामिल हैं। वर्ष 1993 में महिला की हत्या का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा 2006 में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ। उसमें तीन साल की सजा हुई थी।
भाई, बहनों में सबसे छोटा था सूर्यांश
अमृतपुर। राजीव अवस्थी का सबसे बड़ा बेटा शेरू है, उसके बाद बेटी उपासना, आराधना और सबसे छोटा सूर्यांश था। परिवार के लोगों ने बताया कि आरोपियों की धमकी के चलते राजीव ने अपने बड़े बेटे शेरू को बाहर नौकरी के लिए भेज दिया है। शव को देखकर मां सुनीला देवी का रो रोकर बुरा हाल था।