फर्रुखाबाद। गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और गंगा स्नान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 28 जुलाई की रात 8 बजे से 29 जुलाई को स्नान समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
जनपद कन्नौज से फतेहगढ़ आने वाले ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर और अन्य मालवाहक वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की ओर मोड़ा जाएगा। छिबरामऊ से जहानगंज होकर आने वाले वाहनों को बेवर (मैनपुरी) की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि बेवर से फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहनों को वहीं रोक दिया जाएगा।
जनपद एटा की ओर से आने वाले मालवाहक वाहन बिराहिमपुर-अलीगंज बॉर्डर पर रोके जाएंगे। शाहजहांपुर और बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहनों को थाना अल्लागंज, हुल्लापुर तथा जरियनपुर चौराहे पर ही रोकने की व्यवस्था की गई है। हरदोई की ओर से आने वाले ट्रक, टैंकर, डंपर और अन्य मालवाहक वाहनों को रूपापुर (सवायजपुर) में रोका जाएगा। यातायात प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की।