फर्रुखाबाद। डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती दो लोगों और एक सैनिक के नमूने लेकर जांच के लिए सैफई भेजे गए हैं। सोमवार को भेजे गए आठ नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी तक उपलब्ध नहीं हो सकी है। आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की संख्या 11 हो गई है।
लोहिया अस्पताल से सोमवार को आठ लोगों के सैंपल जांच के लिए सैफई स्थित लैब भेजे गए थे। डिप्टी सीएमओ डॉ. राजीव शाक्य ने बताया कि अभी तक इनकी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हो सकी थी। क्योंकि इन नमूनों को देर शाम भेजा जा सका था।
अब बुधवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है। लोहिया अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मोहम्मदाबाद के खिमसेपुर निवासी एक ग्रामीण 25 मार्च को लखनऊ से लौटा था। उसे बुखार, खांसी की शिकायत के बाद यहां लाया गया। मंगलवार को उसका सैंपल भेजा गया। इसके अलावा दिल्ली से लौटे युवक का भी सैंपल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सेना के अस्पताल से भी एक सैंपल यहां भेजा गया है। अब तीन सैंपलों को जांच के लिए सैफई भेज दिया गया है।