कमालगंज। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बुधवार दोपहर बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्हें एमओआईसी सहित दो डॉक्टर व चार स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। एमओआईसी का उपस्थिति रजिस्टर पर नाम भी अंकित न होने से वह हैरान रह गए। इससे पूर्व सीएमओ ने बहोरिकपुर गांव में टीम ले जाकर बुखार पीड़ितों की घर-घर जांच और दवा वितरित कराई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद्रा बुधवार को दो बजे सीएचसी पहुंचे। मौके पर मौजूद डॉ. मान सिंह वर्मा से उन्होंने जानकारी ली। उपस्थिति रजिस्टर मंगाया तो कुछ कर्मचारियों के हस्ताक्षर ही नहीं थे। उन्होंने गीता देवी, रघुनेश कुमारी, नीलम, पवन प्रताप सिंह के कालम में अनुपस्थित लिख कर गोला बनाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री मौजूद नहीं मिले। उनका नाम उपस्थिति रजिस्टर पर अंकित न होने पर सीएमओ ने हैरानी जताई।
उन्होंने कहा कि रजिस्टर को पूरे माह में एक भी बार एमओआईसी ने नहीं देखा। सीएमओ ने बताया कि विकास खंड के गांव बहोरिकपुर में बुखार के प्रकोप को देखते हुए नियमित रूप से टीमें जा रही हैं। बुधवार को स्वयं टीम लेकर गए थे। बताया कि एमओआईसी को बहोरिकपुर में होना चाहिए। वह वहां नहीं मिले, सीएचसी पर भी नहीं थे। अनुपस्थित कर्मचारियों के बारे में बताया कि एक चिकित्सक के दो दिन के दस्तखत नहीं हैं। मौजूद डॉक्टर का कहना है कि काम में लगे होने से कर्मचारी दस्तखत नहीं कर पाए। एसीएमओ डॉ. राजीव शाक्य भी साथ रहे।