फर्रुखाबाद। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का चिकित्सीय परीक्षण भी होगा। इसके लिए उनके हेल्थ कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में हेल्थ क्लब का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में हेल्थ क्लब का गठन किया जाए। क्लब का गठन होने के बाद विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करवाएं। शिविर में छात्र-छात्राओं को शारीरिक रूप से होने वाले बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए। उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए। बताया जाए कि वे लोग स्वास्थ्य के प्रति क्या-क्या सावधानियां बरतें। गौरतलब है कि जनपद में 271 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं।
स्वास्थ्य क्लब में पांच लोग होंगे शामिल
माध्यमिक विद्यालयों में गठित होने वाले स्वास्थ क्लब में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। समिति में किशोर स्वास्थ्य क्लब के पांच सदस्य शामिल किए जाएंगे। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के स्वास्थ्य अधिकारी या एएनएम को मुख्य संरक्षक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानाचार्य को क्लब संरक्षक, दो शिक्षकों को हेल्थ ब्रिगेडियर, प्रत्येक कक्षा के दो विद्यार्थियों को हेल्थ कैप्टन बनाया जाएगा। एनसीसी कैडेट्स भी हेल्थ कैप्टन के रूप में तैनात रहेंगे।
माध्यमिक विद्यालयों में हेल्थ क्लब का गठन करने के निर्देश प्रधानाचार्यों को दे दिए गए हैं। कुछ विद्यालयों में हेल्थ क्लब का गठन कर भी लिया गया है। इन विद्यालयों में शिविर लगाकर विद्यार्थियों के हेल्थ कार्ड बनाए जाएंगे। - नरेंद्र पाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक