फर्रुखाबाद। शहर के नेहरू रोड पर भाजपा नेता और दुकानदारों के कड़े विरोध के बावजूद बुलडोजर नहीं रुका। नेता के परिजनों और पुलिस में धक्का-मुक्की के बावजूद दुकान की पटिया तोड़ दीं गईं। एक धर्मस्थल की सीढ़ी तोड़ी, तो लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट से शिकायत की। इस पर उन्होंने पटिया रखने की अनुमति दे दी। तीसरे दिन चौक से लालगेट की बजाय बूरा वाली गली तक ही अतिक्रमण हटाया जा सका।
सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने पुलिस बल के साथ शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे चौक से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया। छिटपुट नोकझोंक के बाद जब बुलडोजर भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी के प्रतिष्ठान पर पहुंचा, तो उनके परिवार के तमाम लोग एकत्रित हो गए। दुकान के बाहर पटिया को जैसे ही बुलडोजर हटाने लगा तो लोग विरोध करने लगे।
कई अन्य दुकानदारों ने भी पटिया तोड़ने का विरोध किया। इसी दौरान एक व्यापारी ने दरोगा से अभद्र भाषा बोल दी, तो उसने धक्का दे दिया। इस पर भाजपा नेता के परिजनों और पुलिस में धक्का-मुक्की होने लगी। विवाद होता देख कोतवाल विनोद शुक्ला ने मामला शांत कराया, मगर तब तक बुलडोजर पटिया तोड़ चुका था।
इसके बाद घुमना स्थित मेडिकल स्टोर पर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने पटिया तोड़ने का विरोध किया। कहा कि पहले पटिया तोड़ने की मानक लिस्ट दिखाओ। सिटी मजिस्ट्रेट ने उनकी एक न सुनी और पटिया तुड़वा दीं।
एक धर्मस्थल की पटिया तोड़ने पर कमेटी ने पक्षपात का आरोप लगाया। शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर गईं। उन्होंने पटिया रखने की अनुमति दे दी। दोपहर में पटिया रख ली गईं। लालगेट की बजाय सुबह 10 बजे बूरा वाली गली पर ही अभियान रोक दिया गया।
आज आवास विकास तिराहे तक चलेगा अभियान
शनिवार सुबह सात बजे से बूरा वाली गली से अतिक्रमण हटाया जाएगा। यहां से रोडवेज बस स्टैंड, बढ़पुर होते हुए आवास विकास कालोनी तिराहे तक अभियान चलेगा।
एक साड़ी की दुकान के बाहर ऊंचा फुटपाथ छोड़ा
पालिका कर्मियों ने जिन दुकानों के बाहर सीमेंट अथवा रंगीन ईंटों से सड़क से ऊंचा फुटपाथ देखा उसे तोड़ दिया। मगर जब एक नामी साड़ी की दुकान के बाहर जेसीबी पहुंची, तो वहां का ऊंचा फुटपाथ तोड़े बिना ही जेसीबी आगे बढ़ गई।