आधा घंटे की बारिश से सड़कें लबालब, जाम
फर्रुखाबाद। बुधवार को दोपहर ढाई बजे के बाद दो बार तेज हवा के साथ रुक-रुककर आधा घंटे हुई मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। गली-मोहल्लों में जलभराव से जाम लग गया। घंटों इंतजार के बाद यातायात सामान्य हो सका। जलभराव से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले के कई अन्य स्थानों पर भी मूसलाधार बारिश की सूचना है।
सुबह से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। दोपहर बाद तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम में ठंडक ला दी। बारिश से भोलेपुर, लालसराय से घुमना, ढुइयां, बजरिया, तलैया फजल इमाम, खड़ियाई, नाला मछरट्टा, लिंजीगंज आदि इलाकों में सड़कों, गलियों और मोहल्लों में जलभराव हो गया। सड़कों पर अधिक पानी जमा होने से नेकपुर क्रासिंग, भोलेपुर, लालसराय, लिंजीगंज, गुदड़ी आदि क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोग जलभराव कम होने पर ही निकल सके।
शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इससे रोशनाबाद से बेला सराय गजा रोड पर एक आम का पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में बिजली के तार आने से पोल टूट कर गिर पड़े। यातायात बंद होने से राहगीर ललौर से रमापुर होकर निकले। खेत पानी से लबालब हो गए।
अमृतपुर प्रतिनिधि के अनुसार करीब एक घंटे हुई तेज बारिश से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया। तहसील परिसर में जलभराव होने से लोग परेशान रहे। वकीलों के बस्तों तक पानी पहुंच गया। कस्बे में भी जलभराव होने से दिक्कतें हुईं। उधर, गुदड़ी मोहल्ले में बच्चे सड़क पर आए और बरस रहे पानी का लुत्फ उठाया। यही नहीं महिलाएं, युवतियां और तमाम लोग छतों पर भी बारिश का लुत्फ उठाते नजर आए।
किसानों के चेहरे खिले
बारिश न होने से मायूस किसानों के चेहरे खिल गए। खेतों में जलभराव होने से धान की रोपाई शुरू हो जाएगी और खेतों में खड़ी मक्का की फसल को भी खासा फायदा पहुंचेगा। इससे किसान खासे खुश हैं।