हाथरस में हुई दुर्घटना में कायमगंज के युवक की मौत
कायमगंज। नगर के मोहल्ला चिलाका निवासी युवक की हाथरस जनपद के थाना हसायन क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल वहां के लिए रवाना हो गए।
मोहल्ला चिलाका निवासी अशोक का 25 वर्षीय पुत्र आदित्य दिल्ली की एक फैक्टरी में माल ढुलाई का काम करता था। उसके पिता वहां सिक्योरटी गार्ड थे। पूरा परिवार कई वर्षों से दिल्ली में रह रहा था। लॉकडाउन में काम धंधा बंद हुआ तो पूरा परिवार दिल्ली से मोहल्ला चिलाका में आ गया था। सामान ढोने का लोडर दिल्ली में खड़ा था। आदित्य मंगलवार को अकेला ही लोडर व गृहस्थी का सामान लेने दिल्ली गया था।
बुधवार को वह सामान लेकर लोडर से घर आ रहा था। हाथरस जनपद के थाना हसायन क्षेत्र में लोडर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में आदित्य की मौत हो गई। वहां से खबर आने पर इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने उसके परिजनों को सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया। पत्नी शिवानी व पिता आदि तत्काल हसायन के लिए रवाना हो गए। आदित्य के एक दो माह का पुत्र है। दो भाइयों में आदित्य बड़ा था। परिजनों ने बताया कोरोना काल में काम धंधा छिन गया तो दिल्ली से यहां शिफ्ट हो रहे थे।