प्राथमिक विद्यालय रसीदपुर तराई का उखड़ा पड़ा प्लास्टर। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। कक्षा में पढ़ाई के दौरान छत का प्लास्टर टूटकर गिरने से दो छात्राएं घायल हो गईं। इससे स्कूल में हड़कंप मच गया। हादसे के समय कक्षा में 22 छात्राएं पढ़ाई कर रही थीं। घायल दोनों छात्राओं का सीएचसी में उपचार कराया गया। हादसे की जानकारी से बेसिक शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया और अफसर खुद को बचाने में जुट गए। प्लास्टर खराब होने की सूचना न देने पर बीईओ ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर दिया।
विकास खंड के गांव काजी नगला निवासी वृखलाल की पुत्री सोनम (10) व कश्मीर की पुत्री सुधा (9) पड़ोस के गांव रसीदपुर तराई स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ती हैं। सुबह 9:30 बजे प्रधानाध्यापक कक्षा चार के 22 बच्चों को अतिरिक्त कक्ष में बैठकर पढ़ा रहे थे। इस बीच अचानक छत के एक कोने का प्लास्टर टूटकर गिर पड़ा।
इसकी चपेट में आने से छात्रा सोनम व सुधा घायल हो गईं। अन्य बच्चे जान बचाकर भाग खड़े हुए। घायल दोनों छात्राओं को प्रधानाध्यापक बाइक पर बैठाकर शमसाबाद स्थित सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां दोनों का इलाज कराने के बाद उनके घर पहुं
चाया।
प्रधानाध्यापक राकेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में 119 बच्चे पंजीकृत हैं। शुक्रवार को 90 बच्चे पढ़ने के लिए आए थे। सोनम के सिर में और सुधा के पैर में चोटें आई हैं। सोनम के पिता वृखलाल व मां सीमा ने बताया कि बेटी के घर आने पर हादसे की जानकारी हुई। बीईओ सतीश वर्मा ने बताया कि प्लास्टर खराब होने की जानकारी प्रधानाध्यापक ने नहीं दी थी।
इससे उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विद्यालय भवन की छतों के खराब हो चुके प्लास्टर को हटवाने के निर्देश प्रधानाध्यापक को दिए हैं। शाम को विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद बीएसए लालजी यादव ने बताया विद्यालय भवन की हालत ठीक है। 2006 में बने अतिरिक्त कक्ष का प्लास्टर गिरा है। मामले की जांच कराई जाएगी।