हेलमेट न पहनना युवक की जान का सबब बन गया। दावत में जाते समय बाइक फिसलने से युवक के सिर में गहरी चोट आ गई। राहगीरों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस से मौके पर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पत्नी ने पीठ पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई है।
जिला एटा के थाना नयागांव के गांव सिकंदरपुर खेरू निवासी सत्येंद्र कुमार (38) बालू ठेका पर काम करता था। बुधवार रात सत्येंद्र बाइक से थाना कमालगंज के गांव भोला नगला दावत में जा रहा था। उसने हेलमेट नहीं लगाया था। बिजलीघर के पास बाइक फिसल गई। इससे उसके सिर और शरीर पर सड़क पर गिरने से चोटें आईं। राहगीरों ने उसे घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पत्नी रीता समेत परिजन सीएचसी पहुंचे। परिजनों ने पीठ पर चोट के निशान होने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जताई है। कसबा इंचार्ज अनिल भदौरिया ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। जिला अस्पताल में डाक्टर ने बताया कि हेलमेट न पहने होने से सिर में गंभीर चोट आने से युवक जान गंवा बैठा।