फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को उनके आवास से लेे गई। पुलिस मध्य प्रदेश के ग्वालियर की बताई जा रही है। कार्यालय के वरिष्ठ सहायक ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। मामला पारिवारिक बताया जा रहा है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात रविंद्र सिंह बृहस्पतिवार की दोपहर अपने आवास पर थे। वरिष्ठ कार्यालय सहायक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि करीब तीन बजे मध्य प्रदेश के ग्वालियर नंबर की एक कार कार्यालय में पहुंची। उसमें से उतरे पुलिस कर्मियों ने रविंद्र सिंह के बारे में जानकारी ली। इसके बाद सीधे आवास में घुस गए और जबरन अपनी गाड़ी में डालकर ले गए। वरिष्ठ सहायक ने इसकी जानकारी जिला स्तरीय अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी गोविंद हरि वर्मा पहुंचे। उन्होंने कार्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक कैमरे में दरोगा उनके घर की ओर जाते दिखा है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कोई पारिवारिक मामला बताया जा रहा है। कैमरे कार्यालय की तरफ हैं, लिहाजा आवास से बाहर निकलते कोई नहीं दिख रहा है। मामले की जानकारी की जा रही है। बताया कि रविंद्र सिंह मैनपुरी के रहने वाले हैं। भांजे का कोई मामला बताया जा रहा है।