जहानगंज। भतीजे की नौकरी लगवाने के नाम पर 2.48 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव मेदा श्यामपुर निवासी अमर सिंह ने लखनऊ के बेगमबाग कैंपस रोड न्यू हैदरगंज निवासी जफर आलम के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एससीएसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। कहा कि वह संविदा पर शिक्षक है। तीन साल पहले जफर ने फोन करके अपने को एआईएमआईएम का पदाधिकारी बताया। कहा कि वह मीटिंग कराना चाहते हैं। जफर तीन-चार अज्ञात लोगों संग आया।
उसने जल निगम में नौकरी के लिए भतीजे जनवेद की नौकरी लगवाने को कहा। 25 जून 2021 को उसे 1.80 लाख रुपये नकद दिए। 28 को फोन पर साक्षात्कार का लेटर आने की जानकारी दी। 28 जून को दो बार में 9500 और 2100 रुपये खाते में डलवाए। 29 जून को फिर 10 हजार रुपये खाते में डलवा लिए। 30 जून को 15 हजार, एक जुलाई को 13 हजार, छह जुलाई को 19 हजार रुपये खाते में लिए।
इसके बाद एक रजिस्ट्री में साक्षात्कार की तिथि बदलने की बात कही। कहा कि पैसे भेजिए तभी साक्षात्कार होगा। इसके बाद ठगी का शक हो गया। छह अक्तूबर 2024 को जफर आलम पांच अज्ञात लोगों संग घर में घुस आया और दो लाख रुपये मांगने लगा। न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। (संवाद)