फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला श्याम नगर स्थित पीतल कारखाने पर मंगलवार को जीएसटी टीम ने छापा मारा। मौके पर 56.42 लाख का अघोषित माल मिलने पर सीज कर दिया। कारखाना मालिक पर 20.25 लाख का जुर्माना लगाया है। सत्यापन के लिए अधिकारियों ने कारखाने के अभिलेख कब्जे में ले लिए हैं।
मोहल्ला श्यामनगर स्थित राजकिशोर राठौर का पीतल कारखाना है। इसमें पीतल के थाल, परात आदि बर्तन बनाए जाते हैं। जीएसटी चोरी के शक में संयुक्त आयुक्त हरीलाल प्रजापति, इटावा के सहायक आयुक्त चरन सिंह ने टीम व पुलिस बल के साथ कारखाने पर छापा मारा। जांच के दौरान मौके पर 56 लाख 42 हजार का माल मिला, जिसका कारखाना मालिक कोई रिकार्ड नहीं दिखा पाए।
इस पर अधिकारियों ने अघोषित माल होने से ब्रास स्क्रैप, जिंक स्क्रैप, कॉपर स्क्रैप, पीतल के थाल, परात, एंगल आदि को सीज कर दिया। अघोषित माल पर 20 लाख 25 हजार 616 रुपये टैक्स व अर्थदंड लगाया गया। टीम में शामिल जिले के सहायक आयुक्त अतुल उमराव, वाणिज्य कर अधिकारी अभिषेक मिश्रा, गणेश यादव आदि ने कारखाने के अभिलेखों की जांच की तो काफी गड़बड़ियां मिलीं। इससे अभिलेख भी कब्जे में ले लिए गए।
संयुक्त आयुक्त हरीलाल प्रजापति ने बताया कि कारखाना मालिक राजकिशोर राठौर द्वारा ऑनलाइन दाखिल किए गए रिटर्न में टर्नओवर छिपाया गया था। इसी कारण जांच की गई। कैश काफी कम जमा हो रहा था।
कारखाना मालिक को अघोषित माल का टैक्स व जुर्माना एक सप्ताह में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। कारखाने के अभिलेख कब्जे में लेकर जांच की जाएगी। पूरे वर्ष के कारोबार में अभी कई लाख रुपये की कर चोरी मिलने की संभावना है। जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।