गर्मी बढ़ते ही ग्रामीण इलाकों की बिजली सप्लाई फेल होने लगी है। नीबकरोरी ट्रांसमिशन ओवर लोड होने के कारण जहानगंज विद्युत उपकेंद्र को शिफ्टों में चलाकर ग्रामीण इलाकों को बिजली दी जा रही है। उपकेेंद्र को ट्रांसमिशन से ग्रामीण इलाकों के लिए 18 घंटे पूरी बिजली मिल रही है लेकिन गांवों में सिर्फ 6 घंटे सप्लाई हो पा रही है।
मोहम्मदाबाद में बने नीबकरोरी ट्रांसमिशन से 33/11 विद्युत उपकेंद्र जहानगंज को बिजली सप्लाई दी जाती है। इस उपकेंद्र पर 5, 8 और 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। बहोरिकपुर, ताजपुर, विश्वबैंक, जहानगंज और कोल्ड फीडर से ग्रामीण इलाकों को सप्लाई दी जाती है।
नीब करोरी से 33 हजार की जो लाइन जहानगंज उपकेंद्र के लिए आई है वहीं लाइन जरारी उपकेंद्र के लिए गई है। यहां 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इस कारण दोनों उपकेंद्रों के सभी फीडरों से एक साथ ग्रामीण इलाकों को बिजली सप्लाई होने से नीब करोरी ट्रांसमिशन ओवरलोड हो जाता है।
इससे ट्रिप होने के कारण सप्लाई बंद हो जाती है। ट्रांसमिशन का लोड कम करने के लिए 33/11 विद्युत उपकेंद्र जहानगंज के फीडरों को शिफ्टों में चलाकर सप्लाई दी जा रही है। इससे ग्रामीणों में खासी नाराजगी है।