फर्रुखाबाद। जनपद में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित पीडी डीआडीए, डीडीओ और डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत सचिवों के साथ विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन पंचायतों में राज्य वित्त व 15वें वित्त आयोग की धनराशि व्यय नहीं हुई है, वे 28 मई तक कार्य पूर्ण करें ताकि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहे।
सीडीओ ने प्रत्येक सचिव को अपने किसी एक ग्राम में अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम का आदर्श कार्य कराने के निर्देश दिए, जिससे ग्राम का स्वरूप सुधरे। पंचायत सचिवालयों को साफ-सुथरा व सुसज्जित बनाने पर बल दिया गया।
जीरो पॉवर्टी सूची में चयनित परिवारों को योजनाओं का लाभ देने और आवासों का सत्यापन शासनादेश के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए गए। जल जीवन मिशन की टंकियों का हैंडओवर फील्ड में जाकर करने को कहा गया।मनरेगा कार्यों में महिलाओं को प्रोत्साहित कर अधिक से अधिक कार्य देने और ग्राम पंचायतों में आरसी केंद्र संचालित कर उनसे यूजर चार्ज लेने के निर्देश दिए गए। जिन लाभार्थियों की फैमिली आईडी नहीं बनी है, उन्हें प्राथमिकता से बनवाने को कहा गया।