फर्रुखाबाद। गांव सितवनपुर पिथू स्थित मॉडल गोशाला में हुए खेल की जांच के लिए जिलाधिकारी ने कमेटी गठित कर दी है। सीडीओ, एडीएम व पीडी मामले की जांच करेंगे। बीडीओ गोपीनाथ पाठक ने लाखों के गबन और गोशाला से 80 गायों की तस्करी का सचिव विनय कुमार सिंह पर आरोप लगाया हैै।
अमर उजाला ने गुरुवार के अंक में इस पूरे मामले से जुड़ी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की, जिसका जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने संज्ञान लिया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एम. अरून्मोली, एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति व पीडी डीआरडीए राजमणि वर्मा की कमेटी गठित कर दी। तीन दिन में पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
बीडीओ का आरोप है कि गोशाला के नाम 60 बीघा भूमि है। ग्राम पंचायत अधिकारी विनय कुमार सिंह ने आठ जनवरी 2022 को स्थानांतरण के बाद भी सचिव मोतीलाल को गोशाला के अभिलेख, कैश बुक, स्टाक व गोवंश रजिस्टर आदि नहीं दिए। गोशाला की 60 बीघा भूमि में उत्पादित गेहूं व धान की फसल मनमाने तरीके से बेचकर करीब 10 लाख से अधिक का गबन किया है।
80 गोवंश पशुधन सहभागिता के तहत लोगों को फर्जी तरीके से देकर तस्करी कर ली गई। यह गोवंश पशुपालकों के पास नहीं मिले। 80 गोवंश के भरण-पोषण की धनराशि चहेतों को दिलाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। उनका दावा है कि अगर गहनता से जांच हो तो गोशाला में 50 लाख के करीब का गबन पकड़ा जाएगा।
डीएम ने प्रधान व सचिव से की पूछताछ
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि गोशाला में अनियमितताओं के संबंध में सितवनपुर पिथू के प्रधान शेर बहादुर व तत्कालीन सचिव विनय कुमार सिंह को बुलाकर पूछताछ की है। जनसहयोग वाले बैंक खाते का संचालन डीएम स्तर से किया जाता है।
उनके कार्यकाल में भूसा व जेनरेटर आदि खरीद के लिए दो बार धनराशि निकाली गई। इससे पहले तत्कालीन जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने निकासी कराई होगी। खाते से धनराशि निकालने के लिए एडीएम आदि अधिकारी भी शामिल होते हैं। इसमें गड़बड़ी की संभावना नहीं है। फिर सीडीओ, एडीएम व पीडी की जांच में सब सामने आ जाएगा।