फर्रुखाबाद। आंधी-बारिश ने बुधवार रात जिले भर की बिजली गुल कर दी। 69 पोलों और हाईटेंशन लाइनों के तार टूटने से गांव से लेकर शहरी क्षेत्रों में भी अंधेरा हो गया। फाल्ट दुरुस्त करके शहरी क्षेत्र के कुछ हिस्से की गुरुवार सुबह बिजली चालू की गई। शाम तक पूरे शहर की बिजली बहाल हो गई लेकिन 500 गांवों की बिजली 24 घंटे से ठप है।
बुधवार शाम और फिर रात में आंधी आने के साथ बारिश हुई। आंधी से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पेड़ों की डाले टूट कर 33 व 11 केवी लाइनों पर गिरीं। इससे तार टूट गए और लगभग सभी विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए।
गंगापार क्षेत्र के अमृतपुर, सलेमपुर, राजेपुर, तहसील विद्युत उपकेंद्र की 33 व 11 केवी लाइन के करीब 46 पोल टूट गए। कायमगंज क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े एचटी लाइन के 19 और एलटी लाइन के चार पोल और तार टूट गए। इससे जिले भर के गांव और शहरी क्षेत्रों की रात भर बिजली गुल रही।
गुरुवार सुबह शहर के कुछ क्षेत्रों के फाल्टों को दूर कर बिजली चालू की गई। जसमई, कुटरा विद्युत उपकेंद्र दोपहर बाद चालू हो सके। गंगापार क्षेत्र के राजेपुर, अमृतपुर, तहसील और सलेमपुर विद्युत उपकेंद्रों के टूटे पोल व तार न बदलने से गुरुवार देर शाम तक 300 गांवों की बिजली गुल रही।
शमसाबाद, नवाबगंज, कंपिल, कायमगंज, मोहम्मदाबाद, कमालगंज क्षेत्र के करीब 200 गांवों की भी बिजली गुरुवार देर शाम तक ठप रही। पोल बदलने और तारों को जोड़ने का काम देर रात तक चलता रहा।
एक्सईएन शहरी आरबी यादव ने बताया कि शहरी क्षेत्र की बिजली बहाल हो गई है। एक्सईएन ग्रामीण सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गंगापार क्षेत्र की बिजली बंद है। उसको बहाल कराने के लिए काम कराया जा रहा है। आंधी-बारिश से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एक्सईएन कायमगंज राहुल बाबू कटियार ने बताया कि अधिकांश जगहों की बिजली चालू हो गई है। विभाग को ढाई लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
गदनपुर तुर्रा और कैंटाह फीडर से 19 घंटे ठप रही आपूर्ति
कमालगंज। बुधवार रात करीब 12 तेज हवा चलने से उपकेंद्र से आपूर्ति ठप हो गई। कस्बा के साथ ही कैंटाह, खुदागंज, कोहरापुर, गदनपुर तुर्रा सहित सभी फीडरों की बिजली गुल हो गई। विद्युत उपकेंद्र पर लगी वीसीबी खराब हो गई। गदनपुर तुर्रा व कैंटाह फीडर की ट्राली खराब होने से आपूर्ति ठप रही। महरूपुर राबी के पास लाइन में फाल्ट हो गया। गुरुवार सुबह सात बजे ठीक करने के बाद कस्बा के साथ कोहरापुर व खुदागंज फीडर की बिजली चालू कर दी गई।
कैंटाह व गदनपुर तुर्रा फीडर की बिजली ठप रही। दोपहर करीब दो बजे वीसीबी को ठीक करने के लिए कायमगंज से कर्मचारी पहुंचा। मरम्मत के दौरान करीब चार घंटे तक आपूर्ति रोक दी गई। शाम छह बजे मरम्मत के बाद कस्बा के साथ सभी फीडरों की बिजली चालू कर दी गई। इस दौरान गदनपुर तुर्रा व कैंटाह फीडर की करीब 19 घंटे बिजली ठप रही।
बिजली न मिलने से लोगों की जलसंकट का भी सामना करना पड़ा। जेई रंगलाल पाल ने बताया कि रात में तेज हवा चलने से मशीन में खराबी हो गई थी। उसे ठीक कराया गया है।