फर्रुखाबाद। सीएनआई चर्च रखा का ताला तोड़कर चोर पीतल के बर्तन व इनवर्टर आदि चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
रविवार को प्रार्थना सभा के बाद सीएनआई चर्च रखा के मुख्यगेट पर ताला डालकर बंद कर दिया गया। रात को किसी समय चोरों ने चर्च के मुख्यगेट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। सोमवार सुबह पास में ही रह रहीं रखा बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य नीतू मसीह व अन्य लोगों ने चर्च का ताला टूटा देखा तो पादरी मनोज मसीह को जानकारी दी।
मौके पर पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पादरी मनोज मसीह ने बताया कि चोर अलमारी में रखी नकदी के साथ ही बक्से में रखे पीतल के बर्तन, इनवर्टर, बैटरी आदि सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि करीब 50-60 हजार रुपये के सामान की चोरी हुई है। एएसपी अरुण सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (संवाद)