चक्कर लगाकर हांफे, नहीं मिला न्याय
कायमगंज। तहसील सभागार में हुए संपूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता व एसपी अशोक मीणा की मौजूदगी में हुआ। जिलाधिकारी ने लंबित प्रार्थना पत्रों पर नाराजगी जताई। इस दौरान कई ऐसे फरियादी पहुंचे जो चक्कर लगा-लगाकर हांफ चुके हैं लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला। कारण जो भी हो फरियादियों के बार-बार चक्कर काटने से व्यवस्था पर सवाल खड़ा होता है।
नगर के शुभ प्रयास संस्था के मुकेश दुबे ने शिकायत में कहा कि नगर के 10 विद्यालयों में सिर्फ तीन अध्यापक तैनात हैं। गांव मऊ रशीदाबाद के रफत खां ने कहा कि राजस्व कर्मी उनकी वरासत दर्ज नहीं कर रहे हैं। इस दौरान एसडीएम नरेंद्र सिंह, सीएमओ वंदना यादव, सीओ राजवीर सिंह गौर आदि मौजूद रहे। इस दौरान 92 फरियादी पहुंचे। इसमें 16 को त्वरित न्याय मिल गया।
नहीं हट पा रही रास्ते में बनी पटिया
नवाबगंज के गांव बछलैया गांव के ही रामनरेश ने कहा कि आम रास्ते पर कुछ लोगों ने हैंडपंप की पटिया बना रखी है। साथ ही रास्ते में नीम के दो पेड़ व बिजली के पोल लगे हैं। इससे वहां बैलगाड़ी व अन्य वाहन निकालने में दिक्कत होती है। कई बार अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं और समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पता लगा कि आज बड़े साहब आए हैं तो सुनवाई की आस में आए हैं।
वरासत दर्ज कराने के लिए काट रहीं चक्कर
तहसील क्षेत्र के गांव दुबरी निवासी वृद्धा रामदुलारी के पति निरंजन की 10 जनवरी 2012 को मौत हो चुकी है। वे तहसील के चक्कर लगाकर थक चुकी हैं। नौ साल से अभी तक पति की संपत्ति की वरासत दर्ज नहीं की गई है। डीएम के सामने महिला पहुंची तो उसके आंसू छलक पड़े। बताया कि कई प्रार्थना पत्र दिए, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई है।
दबंगों से भूमि कब्जा मुक्त कराने की मांग
तहसील क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर गोवा निवासी रेशमा सिंह ने गुहार लगाई कि उनकी भूमि पर गांव का एक दबंग व्यक्ति कब्जा किए है। दबंगों से कब्जा छुड़ाने के लिए वह फरियाद करते करते थक गई मगर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
झूलती एचटी लाइन अब तक नहीं हटी
गांव भटासा निवासी राजबहादुर ने कहा कि उनके खेत के ऊपर से झूलती हुई एचटी लाइन निकली है। इसके टूटने से उनकी फसल का नुकसान भी हो चुका है। विद्युत विभाग में फरियाद करते करते थक गए हैं, कोई सुनवाई नहीं हुई है। कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की, मगर कोई असर नहीं हुआ है।