केबिन में फंसे चालक को निकालने का प्रयास करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद
फर्रुखाबाद (मोहम्मदाबाद)। इटावा-बरेली हाईवे पर शुक्रवार रात ग्राम वनपोई के सामने गैस टैंकर और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में गैस टैंकर की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और माैके पर ही चालक की माैत हो गई। केबिन में फंसे चालक के शव को पुलिस व स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। वहीं हादसे में दो लोग घायल हुए हैं।
मोहम्मदाबाद की ओर से जा रहे डंपर और फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे गैस टैंकर की भिड़ंत के बाद सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। चालक की पहचान जनपद कानपुर देहात थाना मंगलपुर गांव लालजीपुरावा निवासी नरेश (33) के रूप में हुई। दुर्घटना में घायल डंपर चालक जनपद आगरा थाना सैया के ग्राम दनच्छा निवासी विराम और गांव टीकापुर के निवासी क्लीनर मातादीन को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने क्रेन मंगवा कर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इस दौरान करीब दो घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। हादसे से चालक की पत्नी गीता देवी, पुत्र आर्यन, पुत्री नैंसी सहित भाई हाकिम सिंह, तारा सिंह और राजीव सिंह लोहिया अस्पताल पहुंचे। पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजनों ने डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर विनोद शुक्ला ने बताया कि वाहनों की भिड़ंत में गैस टैंकर के चालक की मौके पर मौत हो गई है। शव को मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।