गैस व पेट्रोल टैंकर भिड़े, चालक घायल
मोहम्मदाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर गैस व पेट्रोल के टैंकरों की भिड़ंत हो गई। इसमें एक चालक घायल हो गया। गैस टैंकर का डीजल टैंक फट गया। उसमें से डीजल सड़क पर बहने लगा। दमकल ने मौके पर पहुंच कर पानी डालकर आग लगने का खतरा टाला।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव बिलावलपुर निवासी रजनेश मथुरा से टैंकर में गैस लेकर रविवार को जनपद लखीमपुर के प्लांट पर जा रहा था। इटावा-बरेली हाईवे पर गांव सकवाई स्थित पेट्रोल पंप से दूसरा टैंकर बेवर की ओर मुड़ रहा था।
उस टैंकर में पेट्रोल था। दोनों टैंकरों की भिड़त हो गई। इसमें गैैस टैंकर का चालक रजनेश घायल हो गया। उसे राहगीरों ने सीएचसी में भर्ती कराया। दूसरे टैंकर का चालक मौका देखकर भाग गया।
टक्कर लगने से गैस टैंकर का डीजल टैंक फट गया। इससे सड़क पर डीजल फैलने लगा। इस पर पुलिस ने दोनों ओर से आ रहे वाहनों को रोक दिया। पुलिस की सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग लगने की आशंका जाहिर कर मौके पर पानी की बौछार डाली। जब टैंकर से डीजल का रिसाव बंद हुआ तो पुलिस ने उसे किनारे खड़ा कराया।
रोडवेज बस खड्ड में घुसी, सवारियां चुटहिल
मोहम्मदाबाद। रविवार सुबह फर्रुखाबाद बस स्टैंड से सवारियां भरकर बेवर डिपो की बस इटावा के लिए जा रही थी। इटावा-बरेली हाईवे पर जितेंद्र कोल्ड स्टोरेज के सामने बस अनियंत्रित होकर खड्ड में चली गई। अचानक बस खड्ड में जाने से कई सवारियां चुटहिल हो गईं। परिचालक सुमित दुबे ने सभी सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना कर दिया।