चार छात्रों को बंधक बनाने के आरोपियों पर गैंगस्टर
कायमगंज। चार छात्रों को बंधक बनाकर उन्हें गंगा किनारे ले जाकर मारपीट करने के दो आरोपियों पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गैंग बनाकर छेड़छाड़ व अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहते हैं।
26 जनवरी 2019 को एक स्कूल के चार छात्र घर जा रहे थे। तभी नगर के मोहल्ला पाठक निवासी पूर्व सभासद दीपक शुक्ला के पुत्र सम्भव शुक्ला, ट्रांसपोर्ट व्यापारी ताहिर अली उर्फ चंटा खां के पौत्र इबान, मोहल्ला चिलाका निवासी छात्र फैज खां, कुआंखेड़ा निवासी छात्र अरबाब खां को आरोपी अंकित यादव निवासी नरसिंहपुर, मोहल्ला बगिया सोहनलाल निवासी गणेश मिश्रा व उसके साथियों ने रास्ते से बंधक बना लिया था।
चारों छात्रों को गंगा किनारे गांव अहमदगंज के पास ले जाकर मारपीट की थी। परिजनों ने उनका पीछा कर छात्रों को छुड़ा लिया था। आरोपी फायर करते हुए भाग गए थे। कुछ को तमंचा कारतूसों सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद इबान के बाबा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। दूसरे पक्ष से भी मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इसके बाद दोनों आरोपियों ने फरवरी 2020 में एक किशोरी से छेड़छाड़ की थी। इसमें किशोरी के परिजनों ने छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। गैंग बनाकर आपरधिक घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने गैंगस्टर के लिए मंजूरी दे दी। इस पर इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने अंकित यादव व गणेश मिश्रा के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।