मुंबई से टेंपो से गंगाइच पहुंचे थे चारों संक्रमित
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। कमालगंज के गंगाइच निवासी चार लोगों व राजेपुर निवासी एक महिला की कोरोना जांच में रविवार रात पॉजिटिव रिपोर्ट आई। गंगाइच के चारों संक्रमित मुंबई से टेंपो से गांव पहुंचे थे। वे गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन होने के बावजूद परिजनों के संपर्क में रहे। वहीं राजेपुर की महिला को मेडिकल कालेज बेवर रोड बघार से जसवंतनगर भेजा गया है।
गंगाइच गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय में 15 मई को 13 लोग क्वारंटीन थे। मेडिकल मोबाइल यूनिट की वैन ने इनमें पांच लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए थे। रविवार को देर रात इनकी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। रात 12.30 बजे पहुंची एंबुलेंस चार संक्रमितों को इलाज के लिए जसवंतनगर इटावा ले गई।
सभी चारों लोग गांव के अलाउद्दीनपुर मोहल्ला के हैं। ये लोग दो टेंपो से 11 मई को मुंबई से आए थे। इनमें मुंबई में टेंपो चलाने वाला 35 वर्षीय युवक अपने हरियाणा निवासी साले के साथ आया था। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी मोहल्ले के दो अन्य संक्रमित भी वहां टेंपो चलाते थे।
मुंबई से आए टेंपो ने ढोए तरबूज
अधिकारियों को जानकारी दी गई कि चारों संक्रमित क्वारंटीन रहते हुए भी परिजनों से मिलते रहे। घर भी गए, बच्चों से मिले। खंड विकास अधिकारी राजेश बघेल ने बताया कि एक युवक के मुंबई से लाए गए टेंपो पर तरबूज भी लादने की शिकायत मिली है। चारो लोगों के अपने परिजनों के संपर्क में रहने की जांच कराई जा रही है।
राजेपुर के अब दोनों दंपति संक्रमित, पत्नी को दूसरी जगह भेजा
राजेपुर सरायमेदा गांव में रविवार को एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महिला के पति मुंबई से 7 मई को उसी टेंपो से आए थे, जिसमें टेंपो मालिक दंपति आया था। 10 मई को टेंपो मालिक दंपति व इस महिला के पति पॉजिटिव निकले थे। बाद में दंपति व साथ आए व्यक्ति के 10 परिजनों नमूने लिए गए थे।
इनमें एक महिला संक्रमित निकली है जो 7 मई को आए युवक (संक्रमित) की पत्नी है। शेष 9 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही। महिला के पति तिर्वा मेडिकल कालेज भेजे गए थे। सोमवार को पत्नी को जसवंतनगर इटावा भेजा गया।
तीसरा गांव सील, कमालगंज में अब 14 संक्रमित
राजेपुर में अब 9 लोग कोरोना संक्रमित हैं। शेखपुर का एक संक्रमित है। ये दोनों गांव पहले से सील हैं। गंगाइच के चार संक्रमित पाए जाने के बाद अधिकारियों ने गंगाइच गांव के तिराहे व कोटिया की ओर जाने वाले रास्ते को सील कर दिया। वहीं फत्तेपुर राव साहब व अन्य गांव के ग्रामीणों ने गंगाइच वालों का आवागमन रोकने के लिए अपनी सीमा में बैरीकेडिंग लगा दी।
अकेला प्रधान क्या-क्या करे
-गंगाइच के प्रधान नफीश ने कहा कि आंगनबाड़ी, एएनएम, लेखपाल, सेक्रेटरी की भी गांव में सक्रिय होना चाहिए। आखिर अकेले प्रधान क्या-क्या करे।